राजस्थान के जयपुर के आमेर थाना क्षेत्र स्थित होटल में एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवती का पीछा कर अलवर से जयपुर पहुंचा था और अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी देकर मिलने बुलाकर जबरदस्ती की। आमेर थाना पुलिस ने सूचना पर होटल के कमरे से आरोपी परिचित को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थानाधिकारी अंतिम शर्मा ने बताया कि अलवर निवासी एक महिला ने मामला दर्ज करवाया कि वह अलवर से अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ जयपुर आई थी। आमेर इलाके में रिश्तेदार के घर वह रुके थे। आरोप है कि पीछा करते हुए आरोपी बाल कृष्ण मीणा भी अलवर से जयपुर आ गया। पांच मार्च की दोपहर को बेटी अचानक लापता हो गई। ढूंढने के दौरान शाम एक परिचित ने मेहंदी का बास आमेर स्थित एक होटल में एक लड़के साथ जाना बताया।
पुलिस ने बताया कि महिला ने आगे बताया कि होटल के रिसेप्शन पर फोटो दिखाने पर लड़की के एक लड़के साथ कमरा लेकर रुकने के बारे में बताया। आमेर थाना पुलिस ने सूचना पर होटल में पहुंचकर कमरा खुलवाया। फिर दोनों को पकड़कर आमेर पुलिस दोनों को थाने ले आई।
इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी बाल कृष्ण मीणा पिछले दो-तीन साल से अश्लील फोटो से वायरल करने की धमकी देकर देह शोषण कर रहा है। ब्लैकमेल कर उसके होटल में बुलाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।