राजस्थान विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को खाद वितरण व्यवस्था को लेकर सदन में तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई। सवाई माधोपुर से विधायक इंदिरा मीणा ने जिले में खाद-बीज वितरण की स्थिति पर सवाल उठाते हुए लंबी कतारों और अव्यवस्थाओं का मुद्दा सदन में उठाया।
मंत्री का जवाब: अतिरिक्त सप्लाई का दावा
जवाब में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने मांग से अधिक, लगभग 3 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद की सप्लाई की है। उन्होंने बताया कि वितरण मांग से ज्यादा किया गया है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर लाइन लगने जैसी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें बाद में दुरुस्त कर लिया गया।
पढ़ें- Rajasthan: विधानसभा में अभद्र इशारे पर हंगामा, कांग्रेस MLA पर कार्रवाई की मांग के बीच बजट पर सियासी बयानबाजी
निलंबन और बहाली पर सवाल
इंदिरा मीणा ने पूरक प्रश्न में पूछा कि यदि डीलरों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था तो उन्हें दोबारा बहाल क्यों किया गया। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन डीलरों पर लापरवाही पाई गई, उन्हें सस्पेंड किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब मिलने के बाद बहाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जहां गंभीर अनियमितता मिली, वहां मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
बीच में हस्तक्षेप से बढ़ा तनाव
चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा के बीच में बोलने पर सदन का माहौल और अधिक गरमा गया। इस दौरान कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।