राजस्थान की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौर द्वारा सांसद हनुमान बेनीवाल पर नशे को बढ़ावा देने और समाज में अराजकता फैलाने के आरोप लगाने के बाद बेनीवाल ने आक्रामक अंदाज में जवाब देते हुए भाजपा नेतृत्व पर कई गंभीर राजनीतिक हमले किए हैं।
'लोकप्रियता के लिए मेरा नाम इस्तेमाल कर रहे हैं'
बेनीवाल ने कहा कि मदन राठौर केवल लोकप्रियता हासिल करने के लिए उनका नाम इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक समय राठौर उनके पास बैठकर भाजपा की ही आलोचना किया करते थे, लेकिन अब राजनीतिक लाभ के लिए उन पर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
नशे को बढ़ावा देने के आरोपों को किया खारिज
नशा करने और युवाओं को नशे की ओर धकेलने के आरोपों को खारिज करते हुए बेनीवाल ने कहा कि वह न तो पान, बीड़ी या सिगरेट का सेवन करते हैं और चाय भी सीमित मात्रा में पीते हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के युवाओं को जागरूक करने का काम कर रहे हैं, जिससे भाजपा और कांग्रेस दोनों परेशान हैं।
सामाजिक बहिष्कार वाले बयान पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
मदन राठौर के सामाजिक बहिष्कार वाले बयान पर बेनीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक बहिष्कार का अधिकार किसी राजनीतिक दल या नेता को नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश हैं और वह इस मामले में कानूनी सलाह ले रहे हैं। बेनीवाल ने बताया कि हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से चर्चा चल रही है तथा जल्द ही मदन राठौर को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उनके कार्यकर्ता एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।
पंचायत चुनाव और भाजपा की स्थिति पर साधा निशाना
राजनीतिक मोर्चे पर हमला जारी रखते हुए बेनीवाल ने दावा किया कि भाजपा पंचायत राज चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे अपनी वास्तविक स्थिति का अंदाजा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को तीसरे स्थान के लिए तैयारी करनी चाहिए। बेनीवाल ने यह भी कहा कि यदि उन्होंने किसी के विरोध का आह्वान किया तो उसका असर पूरे प्रदेश में दिखाई देगा।
काले झंडे प्रकरण को लेकर भी भाजपा पर हमला
काले झंडे दिखाने की घटना पर भी बेनीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि मामूली विरोध को मुद्दा बनाकर उनके समर्थकों को गिरफ्तार कराया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता के अहंकार से बाहर निकलकर जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
ये भी पढ़ें:
जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा; 50 यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटी, कई घायल, छह की हालत गंभीर
भाजपा को खड़ा करने में परिवार के योगदान का किया दावा
बेनीवाल ने अंत में दावा किया कि भाजपा को खड़ा करने में उनके परिवार का भी योगदान रहा है और आज वही लोग उन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।