पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भजनलाल सरकार पर जमकर हमला बोला। राजधानी जयपुर में रविवार को कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजकल बीजेपी में नया मॉडल चल रहा है। कोई भी पपेट बैठाओ, उसे सत्ता सौंप दो और दिल्ली से सरकार चलाओ। पर्ची भेजो, आंख बंद करके अगला साइन करें और पर्ची के मुताबिक काम करें।
उन्होंने कहा कि जिसको पता ही नहीं कि मैं एमएलए भी बनूंगा, उसको आप प्रदेश दे देंगे। फिर उसको आजादी के साथ काम करने नहीं देंगे तो उसका खामियाजा वो पार्टी नहीं, बल्कि प्रदेश और देश भुगतेगा। डोटासरा ने कहा कि यह मॉडल देश, प्रदेश और लोगों के लिए खतरनाक है। कम से कम आप जिस आधार पर वोट मांग रहे हो, जनता में जा रहे हो। उसको यह बताओ कि हमारे यह 4-5 प्रमुख नेता हैं। इनमें से हम किसी एक को नेतृत्व देंगे। आप एक नहीं बता सकते तो आप दो-तीन बता दो।
डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा
अभी जो राजस्थान में सरकार चल रही है। उसका नमूना मैं आपको बताता हूं। सारे के सारे लोग इस काम में लगे हैं कि कब पद चला जाए। जो लूटना है, लूट लो। जो कमाना है कमा लो। कोई कह रहा है तेरी छुट्टी होगी। कोई कह रहा है तेरी छुट्टी होगी। कोई कह रहा मुख्यमंत्री की छुट्टी होगी। भाई प्रदेश की जनता ने 5 साल के लिए बीजेपी को सत्ता सौंपी है। आप कैसे विकास का काम करो, कैसे अच्छा शासन दे सको, कैसे अपराध रोक सको। इस दिशा में आपको चलना पड़ेगा।
राजस्थान में हाल में हुए कर्मचारियों के तबादलों को लेकर डोटासरा बोले
एक कर्मचारी की तीन-तीन जगह पर्ची कट गई ।सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में लिखा था कि हम 100 दिन में पारदर्शी स्थानांतरण नीति बनाएंगे। अब तो 365 दिन से भी ज्यादा हो गए। पारदर्शी स्थानांतरण नीति तो बनी नहीं उल्टा लूटो, खोसो, खाओ, पकड़ो लाओ, पर्ची काटो चल रहा है।