फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur: कन्हैयालाल हत्याकांड पर डोटासरा का पलटवार, बोले- एक साल से क्या कर रही NIA, ये तो केंद्र की विफलता

Fri, 30 Jun 2023 08:52 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

पीसीसी चीफ डोटासरा ने अमित शाह के उदयपुर के संबोधन पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा ने  ध्रुवीकरण की राजनीति करने के लिए कन्हैयालाल हत्याकांड का मुद्दा उठाया। NIA और केंद्र सरकार 12 महीने बाद भी अपराधियों को फांसी की सजा नहीं दिलवा सकी।
विज्ञापन
पत्रकार वार्ता करते पीसीसी चीफ डोटासरा। - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उदयपुर की रैली में दिए गए उद्बोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए पीसीसी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उदयपुर में भारतीय जनता पार्टी की नीति के अनुसरण में पोलोराईजेशन की राजनीति करने के उद्देश्य से कन्हैयालाल हत्याकांड का मुद्दा उठाया है, ताकि राजस्थान में धार्मिक उन्माद का वातावरण बना सके।

विज्ञापन


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा लेकिन अमित शाह को यह जानकारी नहीं है कि स्व. कन्हैयालाल के हत्यारों को राजस्थान पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और राजस्थान सरकार ने उनके परिजनों को सरकारी सहायता देते हुए दोनों पुत्रों को अनुकम्पा नियुक्ति दी और सर्वश्रेष्ठ पैकेज सहायता के रूप में दिया। जिससे स्व. कन्हैयालाल के परिजन संतुष्ट हैं। इसी प्रकरण में राजस्थान पुलिस से एनआईए ने जांच ले ली, लेकिन 12 माह बाद भी एनआईए और केन्द्र सरकार अपराधियों को न्यायालय से फांसी की सजा नहीं दिलवा सकी। गृह मंत्री अमित शाह प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैला कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सकेंगे। 

गृह मंत्री को यह गलतफहमी है कि मोदी के चेहरे पर लड़कर बीजेपी संसद की 300 सीटों जीत सकती है
डोटासरा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री को यह गलतफहमी है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़कर भारतीय जनता पार्टी संसद की 300 सीटों जीत सकती है जबकि हिमाचल, पंजाब तथा हाल ही में हुए कर्नाटक चुनाव में मोदी के चेहरे पर वोट नहीं मिलने की बात को साबित किया है। उन्होंने कहा कि जब से विपक्षी दलों ने एकता के साथ पटना में मीटिंग की है। भारतीय जनता पार्टी के नेता बौखला कर अर्नगल बयानबाजी कर रहे हैं।
विज्ञापन


संसद भवन के उद्घाटन में द्रौपदी मुर्मू को नहीं बुलाकर बीजेपी ने राष्ट्रपति और देश का घोर अपमान किया
 उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि महिला आदिवासी द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाया जो सम्मान की बात है, लेकिन संसद के नए भवन के उद्घाटन में उन्हें नहीं बुलाकर भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति और देश का घोर अपमान किया है। 

ईआरसीपी पर शाह ने एक शब्द नहीं बोला
डोटासरा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जल जीवन मिशन के कार्यों को आधार बनाकर केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री की पीठ थपथपाई, लेकिन भूल गए कि राजस्थान की भौगोलिक स्थिति और क्षेत्रफल के कारण राजस्थान प्रदेश को विशेष पैकेज मिलना चाहिए था। क्योंकि यहां पर गांव और ढाणियों में 15 और उससे अधिक का फासला है। जल जीवन मिशन के तहत् 50-50 के अनुपात में अन्य राज्यों की भांति योजना प्रदेश के हितों के साथ कुठाराघात है, जबकि प्रदेश के ही जनप्रतिनिधि आज जलशक्ति मंत्री है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना बनाने का वादा किया था। लेकिन अमित शाह ने इस विषय पर एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने कहा कि 13 जिलों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक ईआरसीपी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं कर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की जनता को निराश किया है। 

डोटासरा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री ने उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन देने का जिक्र किया, लेकिन रसोई गैस सिलेंर की कीमत 1100 रुपये से अधिक होने के कारण 14 प्रतिशत भी उपभोक्ताओं ने पुन: गैस सिलेण्डर महँगाई के कारण नहीं भरवाया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने इस योजना के उपभोक्ताओं को रुपये 500 की दर से 12 सिलेंडर प्रतिवर्ष देने की योजना लागू कर प्रदेश की जनता को लाभान्वित किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे अपने सांसद बेटे को मंत्री बनाने का प्रयास लंबे समय से कर रही
डोटासरा ने कहा कि अमित शाह आरोप लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने बेटे को मंत्री बनवाना चाहते हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे अपने सांसद बेटे को मंत्री बनाने का प्रयास लम्बे समय से कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं, लेकिन वास्तविकता जो छुपायी जा रही है वह यह है कि भाजपा के बी.एस.येदियुरप्पा के बेटे भाजपा के ही विधायक हैं। इसी प्रकार केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह हैं। कैलाश विजयवर्गीय के बेटे विधायक हैं। प्रमोद महाजन की पुत्री पूनम महाजन भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। वेदप्रकाश गोयल के बेटे पीयूष गोयल केन्द्रीय मंत्री हैं। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे अनुराग ठाकुर केन्द्रीय मंत्री हैं। राजस्थान में पूर्व मंत्री स्व. किरण माहेश्वरी की बेटी भाजपा से विधायक हैं। डोटासरा ने प्रश्न किया कि क्या भारतीय जनता पार्टी किसी भी राज्य में भाजपा नेताओं के परिजनों को टिकट नहीं देने की घोषणा कर सकती है, यदि ऐसा नहीं करते, तो उन्हें अन्य दलों पर अंगुली उठाने का कोई हक नहीं है।

पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे को भाषण के लिए नहीं बुलाकर सीधे ही अमित शाह को भाषण के लिए बुलाया
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी लड़ाई जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश में सभा करने आये तो भाजपा नेताओं द्वारा एक-दूसरे को धकेलने और कोहनी मारने का दृश्य सभी ने देखा, कल केन्द्रीय मंत्री  राजनाथ सिंह की जोधपुर की सभा में भाजपा नेताओं द्वारा माईक की छीना-छपटी सबके सामने हुई, इसी प्रकार आज केन्द्रीय मंत्री अमित शाह की सभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने प्रोटोकॉल में नाम होने और भाषण तैयार होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे को भाषण के लिए नहीं बुलाकर सीधे ही अमित शाह को भाषण के लिए बुलाया। उन्होंने कहा कि अमित शाह को दूसरे दलों पर टिप्पणी करने से पूर्व स्वयं की पार्टी के अंदरूनी कलह पर ध्यान देना चाहिए। 

डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार द्वारा गुड गर्वनेन्स के साथ प्रदेश की जनता को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई घटना होने पर सरकार द्वारा तुरन्त कार्यवाही की जाती है और पीड़ित को सहायता प्रदान की जाती है ,लेकिन भाजपा की केन्द्र सरकार ने अन्तर्राष्ट्रीय मेडल प्राप्त महिला खिलाडिय़ों के 40-45 दिन तक चले धरने को धक्के देकर उठवा दिया। अभियुक्त के विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये तीन काले कृषि कानूनों के विरूद्ध सर्दी, गर्मी एवं बरसात में देश के किसान 13 माह तक सडक़ों पर बैठ कर आंदोलन करते रहे जिसमें 750 से अधिक किसान शहीद हुए। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री के पुत्र ने अपनी गाड़ी से किसानों को कुचल दिया किन्तु भाजपा ने अपने मंत्री से इस्तीफा लेना भी उचित नहीं समझा और राजस्थान में नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री को राजस्थान में आकर जनता को बताना चाहिए कि 9 वर्ष पूर्व जिन वादों के आधार पर भाजपा ने चुनाव लड़ा था उनमें से कितने वादे पूरे किए। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना में अग्निवीर के रूप में मात्र 4 वर्ष के लिए भर्तियाँ निकाल भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार ने किसानों के बच्चों के हितों पर कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि दो करोड़ नौकरियाँ देने का वादा किया था , लेकिन कितनी नौकरियाँ दी इसका जवाब भाजपा नहीं देती है। 

मणिपुर जातीय हिंसा से सुलग रहा
डोटासरा ने कहा कि देश का उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर जातीय हिंसा से सुलग रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेशों में पर्यटन कर रहे हैं और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान में आकर चुनावी रैली कर जातिगत और धार्मिक उन्माद फैलाकर आग में घी डालने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को देशहित को दलीय हित से ऊपर रख कर कार्य करना चाहिए क्योंकि यदि देश में शाँति नहीं रही तो सत्ता किस काम की। उन्होंने कहा कि भाजपा धारा 370 हटाने की बात करती है यदि कश्मीर में सब ठीक हैं तो चुनाव क्यों नहीं करवाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि 25 में 25 सांसद राजस्थान से भाजपा के जीतने के बावजूद प्रदेश को केन्द्र सरकार से कोई सौगात नहीं मिली है बल्कि आरएसएस व भाजपा की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की झोली खाली है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें