सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच चले आ रहे लंबे विवाद के निपटारे की घड़ी अब आ गई है। सत्ता संघर्ष और सियासी वर्चस्व की लड़ाई को थामने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने सुलह के लिए गहलोत-पायलट और राजस्थान कांग्रेस के टॉप लीडर्स को बुलाया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को सुबह 10 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए स्पेशल प्लेन से रवाना होंगे। सुबह 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, तीनों सह प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़, अमृता धवन और काजी निजामुद्दीन, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीपी जोशी, गुजरात कांग्रेस प्रभारी डॉ. रघु शर्मा, पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, रघुवीर मीणा समेत कुछ टॉप लीडर्स की बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ होगी।
गांधी परिवार के साथ भी हो सकती है बैठक
सूत्र बताते हैं पहले खड़गे राजस्थान कांग्रेस नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। इसमें राहुल और प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकते हैं। उसके बाद गहलोत पायलट खेमे के बीच सुलह के फॉर्मूले पर सहमति नहीं बनने पर अंतिम दौर की बातचीत के लिए सोनिया गांधी के साथ भी वार्ता हो सकती है। कुल मिलाकर राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी और गहलोत-पायलट विवाद के निपटारे के फार्मूले पर पार्टी हाईकमान मंथन करेगी। गहलोत-पायलट दोनों को साथ रखकर ही कांग्रेस पार्टी राजस्थान में चुनाव लड़ना चाहती है।
शाम पांच बजे राजस्थान हाउस के नए भवन का शिलान्यास करेंगे गहलोत
सीएम गहलोत का शाम पांच बजे दिल्ली में राजस्थान हाउस के नए भवन का शिलान्यास करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। सीएम गहलोत नाइट स्टे दिल्ली में ही करेंगे। 30 मई को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दोपहर 12 बजे स्पेशल प्लेन से वापस जयपुर रवाना होने का कार्यक्रम है। 30 मई को दोपहर एक बजे तक सीएम गहलोत जयपुर पहुंच जाएंगे।