'साइकिल वाले अंकल' मुकेश कुमार नायर।
- फोटो : Amar Ujala Digital
जयपुर के सोशल मीडिया पर इन दिनों अपनी मधुर आवाज में भोले बाबा से कष्ट मिटाने की फरियाद लगाने वाले 'साइकिल वाले अंकल' छाए हुए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद से लोग इनको साइकिल वाले अंकल के नाम से ही जानते हैं। लाल कोठी में रहने वाले इन 'साइकिल वाले अंकल' का नाम मुकेश कुमार नायर है।
जयपुर के लाल कोठी निवासी मुकेश कुमार नायर सोशल मीडिया में 'साइकिल वाले अंकल' के नाम से जाने जा रहे हैं। मुकेश कोई गायक नहीं हैं। बस गुनगुने का शौक रखने वाले भोले बाबा के भक्त हैं। मुकेश ने बताया कि वो सचिवालय के बाहर निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर परिवार को पालन-पोषण करते हैं। मुकेश ने बताया कि सोशल मीडिया के युग में पता नहीं चलता कब, कहां, किसका वीडियो वायरल हो जाए। सबकी अपनी-अपनी सोच है। कोई वीडियो की सराहना कर रहा है तो वहीं कुछ लोग उन्हे पागल समझते हैं। उन्होंने कहा उनको इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने कहा कि ये सब जमाने के लिए नया होगा, क्योंकि वीडियो अभी वायरल हुआ है, लेकिन ये वो पहली बार नहीं कर रहे। उन्होंने बताया कि वो भोले के भक्त हैं और गाना गाने का शौक रखते हैं। वो हमेशा ही काम पर जाने से पहले मंदिर में दर्शन के लिए रुकते हैं। इस दौरान बाबा भोले से अपनी फरियाद गीत गुनगुनाकर ही करते हैं। आज से नहीं काफी समय से वो ऐसा कर रहे हैं। मुकेश नायर ने बताया कि बचपन से ही उन्हें भजन गाने का शौक है, लेकिन परिवार की जिम्मेदारी के चलते वो अपना शौक पूरा नहीं कर पाए।
जब मुकेश को शुक्रवार को वहां से गुजर रहे दौसा जिले के नांगल निवासी पवन कुमार मीणा ने उन्हें गाता हुआ देखा। पवन ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद से उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को सात दिन में करोड़ों लोगों ने पसंद किया।