चांद नजर आने के साथ ही पूरे प्रदेश में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाए जाने की घोषणा कर दी गई है। इससे पहले, 29 मार्च, शनिवार को सऊदी अरब में चांद दिखाई दिया था, जहां 30 मार्च को ईद मनाई जा रही है।
मुफ्ती-ए-राजस्थान मौलाना शेर मोहम्मद खान रिजवी ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर ऐलान किया कि 30 मार्च रविवार को शव्वाल का चांद नजर आ गया है। रमजान का पवित्र महीना समाप्त हो चुका है और ईद-उल-फितर का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। धार्मिक गुरुओं ने लोगों से अपील की है कि ईद की नमाज से पहले फितरा अदा कर दें। उन्होंने कहा कि ईद आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का त्योहार है, जिसमें सभी को गिले-शिकवे भुलाकर अल्लाह को राजी करना चाहिए। जयपुर की ईदगाह मस्जिद, जालोरी गेट में ईद की मुख्य नमाज सुबह 8:45 बजे अदा की जाएगी।
ये भी पढ़ें:
कांग्रेस विधायक रफीक खान और रोडवेज के चीफ मैनेजर में जोरदार बहस, वीडियो वायरल
राजस्थान की सबसे बड़ी ईदगाह में विशेष तैयारियां
राजस्थान की सबसे बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह ईदगाह टोंक जिले में स्थित है, जहां एक साथ 25,000 से अधिक लोग नमाज अदा कर सकते हैं। इसके अलावा, 700 लोगों के एक साथ वुजू करने की भी सुविधा उपलब्ध है। नवाबी रियासत टोंक की इस ऐतिहासिक ईदगाह में रियासत काल से चली आ रही परंपरा के तहत ईद की नमाज के बाद टोंक नवाब परिवार द्वारा शहर काजी को खिलअत (सम्मान स्वरूप वस्त्र) पेश करने की रस्म निभाई जाएगी। ईदगाह कमेटी के सचिव मोइनुद्दीन निजाम ने बताया कि यहां ईद की नमाज के लिए विशेष सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। मुफ्ती आदिल नदवी के अनुसार, ईदगाह में ईद की नमाज सोमवार को सुबह 8:45 बजे अदा की जाएगी, जबकि शाही जामा मस्जिद, बड़ा कुआं में नमाज का समय 9:15 बजे निर्धारित किया गया है। इस बार ईदगाह में नमाज का नेतृत्व शाही जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती इस्लाहुद्दीन खिसर करेंगे। पिछले 35 वर्षों से यह जिम्मेदारी संभाल रहे 90 वर्षीय मौलवी मोहम्मद सईद की तबीयत ठीक न होने के कारण यह बदलाव किया गया है।
ये भी पढ़ें:
चौराहे पर आने की दी चेतावनी, आते ही गाड़ी को मारी टक्कर और फिर गोली मारकर की हत्या, एक घायल
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी ईद की बधाई
प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम को बढ़ाने वाला है। उन्होंने सभी नागरिकों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
देखिए आज की बड़ी खबरें...