जयपुर में मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सर्किल पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में महंगाई के खिलाफ नारे गूंजते रहे।
महंगाई के खिलाफ लगे जोरदार नारे
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “पी गई पेट्रोल, खा गई तेल, महंगाई बढ़ाने का बीजेपी का खेल”, “महंगाई वृद्धि वापस लो” और “पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर महंगा कर दिया, भारत सरकार ने जनता का जीना तंग कर दिया” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान हो चुका है और सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
खाचरियावास ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग महंगाई से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय भाजपा और प्रधानमंत्री ने महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सभी वादे भुला दिए गए।
“आम आदमी का घर चलाना मुश्किल”
प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और आम जनता आर्थिक दबाव में जीवन जीने को मजबूर है।
ये भी पढ़ें- Rajasthan: जासूसी मामले में आरोपी झाबरा राम को मिली जमानत, गिरफ्तारी प्रक्रिया में कानूनी चूक पर सख्त टिप्पणी
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतें कम नहीं कीं तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का लगातार विरोध करते रहेंगे।