फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत चुनाव: कांग्रेस में जीत का जश्न, बीजेपी करेगी मंथन; डोटासरा बोले- नतीजे सरकार के खिलाफ जनता का संदेश

Fri, 20 Nov 2026 08:45 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बढ़त ने भाजपा सरकार के तीन साल के कामकाज पर सियासी बहस छेड़ दी है। कांग्रेस इसे ग्रामीण जनता की नाराजगी बता रही है, तो भाजपा नतीजों का मंथन करने की बात कह रही है।

विज्ञापन
कांग्रेस में जीत का जश्न - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने पंचायत चुनावों में अपने प्रदर्शन को भाजपा सरकार के तीन साल के कामकाज के खिलाफ ग्रामीण जनता का फैसला बताया, वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करते हुए पार्टी स्तर पर मंथन करने की बात कही। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न मनाया गया। नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की।

कांग्रेस ने जीत को सरकार के खिलाफ जनादेश बताया

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायत राज चुनावों के परिणामों को राजस्थान के राजनीतिक इतिहास में अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि आमतौर पर पंचायत और नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ दल को फायदा मिलता है, लेकिन इस बार जनता ने भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने सरकार के दावों का जवाब दिया है।

डोटासरा ने नगर निकाय चुनावों में परिसीमन, पुलिस-प्रशासन और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोप भी दोहराए। उन्होंने कहा कि वोट प्रतिशत लगभग बराबर होने के बावजूद भाजपा ने निकाय चुनावों में अधिक सीटें जीती थीं, लेकिन पंचायत चुनावों में जनता ने अपना फैसला सुना दिया।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने जिला प्रमुख और प्रधान के चुनावों को लेकर भी भाजपा को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, वहां पार्टी अपना बहुमत कायम रखेगी। अन्य जगहों पर इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर भाजपा और एनडीए को रोकने का प्रयास होगा। उन्होंने चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी की कोशिश होने पर विरोध करने की बात कही।

जूली ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से मांगा जवाब

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रदेशवासियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार के तीन साल के कामकाज, दावों और नीतियों पर अपना फैसला दिया है।

जूली ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से चुनावी नतीजों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद करने, उनके नाम बदलने और कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, किसान और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।

विज्ञापन


यह भी पढें- पंचायत चुनाव: जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड तय, सीएम, डिप्टी सीएम क्षेत्र में बीजेपी हारी

मदन राठौड़ बोले- परिणामों को जनादेश मानकर करेंगे मंथन

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों को जनादेश के रूप में स्वीकार करती है और सकारात्मक भाव से इनका मंथन कर आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव झूठ और फेक नैरेटिव के आधार पर लड़ा, जबकि भाजपा ने विकास के मुद्दों पर जनता के बीच अपनी बात रखी।

राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट चोरी, ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर लगाए गए आरोपों के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही, लेकिन अब चुनाव परिणामों के बाद उसके नेताओं का जश्न मनाना दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि न तो ईवीएम सेट होती है और न ही निर्वाचन आयोग किसी दबाव में काम करता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के पुराने शासनकाल, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाते हुए डोटासरा से भी जवाब मांगा। राठौड़ ने कहा कि भाजपा चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगी और आगे की रणनीति बनाएगी।

गहलोत ने ग्रामीण मतदाताओं के फैसले को बताया अहम

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी कांग्रेस के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ग्रामीण मतदाताओं ने भाजपा सरकार की कथित उपेक्षा के खिलाफ संदेश दिया है और कांग्रेस की योजनाओं के प्रति भरोसा जताया है।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें