फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: पंचायत चुनाव में झटके के बाद भाजपा का दिल्ली में मंथन, मदन राठौड़ समेत पूरी टीम तलब

Wed, 25 Nov 2026 07:26 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान पंचायत चुनाव में कमजोर प्रदर्शन और ग्रामीण वोट शेयर घटने के बाद भाजपा नेतृत्व ने मदन राठौड़ समेत प्रदेश के प्रमुख नेताओं को दिल्ली बुलाया है। बीएल संतोष चुनावी हार के कारणों की समीक्षा करेंगे।

 

विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के पंचायत चुनावों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश संगठन से जवाब-तलब किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का वोट शेयर घटने और जिला परिषद से लेकर पंचायत समिति चुनावों तक मिले झटकों की समीक्षा के लिए प्रदेश भाजपा के प्रमुख नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। बुधवार शाम पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक कर चुनाव परिणामों का फीडबैक लेंगे।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजय कुमार और प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी, मिथिलेश गौतम, भूपेंद्र सैनी व कैलाश मेघवाल शामिल होंगे। सभी नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। बैठक पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रस्तावित है।

इस बैठक में ग्रामीण इलाकों में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के कारणों पर चर्चा होगी। संगठन की स्थिति, प्रत्याशियों के चयन, स्थानीय स्तर पर नाराजगी और चुनाव प्रबंधन जैसे मुद्दे समीक्षा के केंद्र में रह सकते हैं। सत्ता में होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहने को संगठन के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।

विज्ञापन


यह भी पढें-राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव: 24 जिलों में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा 10 पर सिमटी; चूरू और ब्यावर में बड़ा उलटफेर

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री से चर्चा

दिल्ली जाने से पहले प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेताओं से मुलाकात की। इसमें पंचायत चुनाव के नतीजों और पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी दिल्ली में होने वाली बैठक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ सकते हैं।

जिला परिषद चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 4.65 प्रतिशत घटा

पंचायत चुनाव के आंकड़ों ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। वर्ष 2020-21 के जिला परिषद चुनावों की तुलना में 2026 में पार्टी के वोट शेयर में 4.65 प्रतिशत अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।

पार्टी

2020-21 वोट शेयर

2026 वोट शेयर

बदलाव

भाजपा

42.42%

37.77%

-4.65 प्रतिशत अंक

कांग्रेस

42.59%

43.40%

+0.81 प्रतिशत अंक

भाजपा के लिए चिंता की बात यह है कि कांग्रेस ने अपने वोट शेयर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ पार्टी का जनाधार पिछले चुनाव की तुलना में कमजोर हुआ है।

संगठन और सरकार के बीच तालमेल भी समीक्षा के दायरे में

पार्टी नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हार के पीछे स्थानीय स्तर पर असंतोष कितना जिम्मेदार रहा और प्रत्याशी चयन या चुनावी रणनीति में कहां चूक हुई। इसके साथ ही संगठन और सरकार के बीच तालमेल तथा गांवों में पार्टी की सक्रियता की भी समीक्षा हो सकती है।

फिलहाल संगठन में बदलाव या किसी नेता के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोई फैसला घोषित नहीं किया गया है। दिल्ली की बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश नेतृत्व से फीडबैक लेने और चुनावी नतीजों के कारणों का आकलन करने पर जोर रहने की संभावना है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें