राजस्थान के बीकानेर में भाजपा ने जिला प्रमुख चुनाव में अपना प्रत्याशी हटाकर कांग्रेस की बागी सरिता चौहान को समर्थन दिया है। इससे कांग्रेस की निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच मुकाबला रोचक हो गया है।
या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के बीच बीकानेर में भाजपा ने अपना प्रत्याशी मैदान से हटाकर कांग्रेस के बागी खेमे को समर्थन दे दिया है। यहां कांग्रेस ने विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। भाजपा के इस कदम के बाद मुकाबला कांग्रेस के दो खेमों के बीच सिमट गया है। पार्टी ने सीधे अपना उम्मीदवार उतारने के बजाय कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान का फायदा उठाने की रणनीति अपनाई है। अब बीकानेर में जिला प्रमुख का चुनाव कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार और बागी खेमे के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।
राज्य के 37 जिलों में जिला प्रमुख चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। अब तक जैसलमेर, दौसा और सवाई माधोपुर में कांग्रेस निर्विरोध जिला प्रमुख बनाने में सफल रही है। जैसलमेर में 21 साल 36 दिन की संतोष कुमारी राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बनी हैं। उन्होंने जिला परिषद चुनाव में वार्ड 21 से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी को 6,137 वोटों से हराया था। संतोष 12वीं पास हैं और उनके पिता चौथाराम भील ग्राम विकास अधिकारी हैं। सामान्य सीट पर कांग्रेस ने एसटी वर्ग की प्रत्याशी को उतारा था।
दौसा में कांग्रेस विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा और सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी बैरवा निर्विरोध चुनी गई हैं। इन दोनों जिलों में भाजपा या किसी अन्य दल ने प्रत्याशी नहीं उतारा।
चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू मैदान में
जयपुर में कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष यशवीर सूरा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की ओर से जयपुर देहात दक्षिण के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर मैदान में हैं। चूरू में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रकाश बुडानिया से है।
अजमेर में भाजपा ने नेता अमित भंसाली की पत्नी पूजा भंसाली को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की ओर से दशरथ कंवर चुनाव लड़ रही हैं। झुंझुनूं में कांग्रेस ने 22 साल की कोमल भंवरिया को उम्मीदवार बनाया है, जबकि उदयपुर में भाजपा के हिम्मत सिंह झाला और कांग्रेस के लालसिंह झाला के बीच मुकाबला है।
कई जिलों में निर्दलीय और क्षेत्रीय दल भी मैदान में
जिला प्रमुख चुनाव में कई जगह निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के प्रत्याशियों ने मुकाबले को बहुकोणीय बनाया है। नागौर में पांचाराम और अनिल नागौरी, बाड़मेर में हनुमान बेनीवाल तथा डीडवाना-कुचामन में RLP के शिवपाल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। डूंगरपुर में BAP के अनुतोष रोत और बांसवाड़ा में रीना राकेश रावत भी चुनाव लड़ रही हैं। प्रतापगढ़ और सलूंबर में भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने दावेदारी की है।
खैरथल-तिजारा में बराबरी का गणित
खैरथल-तिजारा में जिला परिषद की 25 सीटों में भाजपा और कांग्रेस के पास 10-10 सदस्य हैं। दो सदस्य बसपा और तीन निर्दलीय हैं। बहुमत के लिए 13 सदस्यों की जरूरत है। ऐसे में निर्दलीय और बसपा सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। इसके उलट कोटपूतली-बहरोड़ में कांग्रेस के 20, भाजपा के छह और एक निर्दलीय सदस्य हैं। यहां कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है।