सचिन के समर्थन में उतरे 'आप' प्रभारी विनय मिश्रा
- फोटो : Amar Ujala Digital
पूर्व डिप्टी सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे सचिन पायलट के पिछली वसुंधरा सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों की जांच की मांग पर अपनी ही गहलोत सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने पर सियासत में उबाल आ गया है। पायलट के अनशन करने पर तीसरी शक्ति के रूप में उभरने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी पायलट के समर्थन में आ गई है।
राजस्थान की जनता को उनका साथ देना चाहिए
आम आदमी पार्टी के राजस्थान प्रदेश प्रभारी और दिल्ली से विधायक विनय मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा कि "आज अगर राजस्थान को किसी ने लूटा है, तो वो वसुंधरा और अशोक गहलोत का अटूट गठबंधन है। जिसके कारण राजस्थान पर देश में सबसे ज्यादा पांच लाख करोड़ का कर्ज है। मैं इस बात को हमेशा से कहता आ रहा हूं कि कांग्रेस और भाजपा का अटूट गठबंधन है। अब तो खुद इनके नेता कह रहे हैं की गहलोत जी और वसुंधरा जी मिलकर सरकार बना रहे हैं। ये बेहद गंभीर मामला है। बेहद भयावह भी है। आज राजस्थान की जनता को ठगा जा रहा है। मैं राजस्थान की जनता से आग्रह करता हूं आज एक पढ़े- लिखे नौजवान सचिन पायलट जी इनके गठबंधन को उजागर कर रहे हैं, तो राजस्थान की जनता को उनका साथ देना चाहिए।"
सचिन को आप का ऑफर, सीएम फेस बनाने को तैयार
सूत्र बताते हैं कि आम आदमी पार्टी काफी लंबे समय से सचिन पायलट को आप में आने का न्योता देती रही है। पिछले दिनों दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ओर से सचिन पायलट को आप में आने पर 2023 विधानसभा चुनाव के लिए सीएम फेस बनाने का ऑफर दिया गया है। इसीलिए आम आदमी पार्टी खुलकर सचिन पायलट के समर्थन में बयान भी दे रही है। आप पार्टी दिल्ली और पंजाब जीत के बाद राजस्थान में विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ना चाहती है, लेकिन राजस्थान में पार्टी के पास कोई मजबूत और जाना पहचाना स्थानीय नेतृत्व नहीं है। इसलिए स्थानीय नेतृत्व की तलाश में जुटी पार्टी को सचिन पायलट से बेहतर कोई चेहरा प्रदेश में नजर नहीं आ रहा है।
आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा
केंद्रीय चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दे दिया है। अरविंद केजरीवाल आज देशभर में आप कार्यकर्ताओं को लाइव संबोधित करेंगे। सिर्फ 10 सालो में AAP को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया है, पार्टी इसे उपलब्धि मानकर चल रही है। आप के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने इस उपलब्धि पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।