फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयपुर: करोड़ों की घड़ियों पर हाथ साफ, राडो शोरूम से 250 घड़ियां चोरी; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Thu, 01 Oct 2026 03:45 PM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में टोंक रोड स्थित Rado शोरूम में तड़के बड़ी चोरी हुई। बदमाश शटर तोड़कर करीब 250 महंगी घड़ियां ले गए। पुलिस CCTV और अन्य साक्ष्यों से जांच में जुटी है।
विज्ञापन
घड़ी का शोरूम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी जयपुर की व्यस्त टोंक रोड पर गुरुवार तड़के चोरों ने घड़ियों के शोरूम को निशाना बनाया। गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित Rado शोरूम का शटर तोड़कर बदमाश करीब 250 महंगी घड़ियां चोरी कर ले गए। चोरी हुई घड़ियों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

विज्ञापन

वारदात की सूचना सुबह करीब आठ बजे पड़ोसी दुकानदार ने शोरूम मालिक को दी। इसके बाद बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जयपुर स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रॉड से शटर तोड़कर घुसे

पुलिस के मुताबिक वारदात सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई। मौके से लोहे की दो रॉड मिली हैं और शटर पर भी तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब सात से आठ बदमाश रॉड की मदद से शटर उठाकर शोरूम में दाखिल हुए और शोकेस में रखी घड़ियां बैगों में भरकर फरार हो गए।
बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले शोरूम की रेकी की गई थी। चोरी के बाद बदमाश रॉड मौके पर ही छोड़ गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी के साथ फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस शोरूम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

विज्ञापन

फुटेज के आधार पर बदमाशों के आने-जाने का रूट तैयार किया जा रहा है। गांधीनगर रेलवे स्टेशन पास होने के कारण पुलिस इस संभावना को भी जांच रही है कि बदमाश ट्रेन से शहर से बाहर निकले हों।

यह भी पढें- राजस्थान: क्रॉस वोटिंग और फ्लोर मैनेजमेंट पर जांच का इंतजार, वेणुगोपाल के निर्देश के बाद भी कमेटी नहीं बनी

करोड़ों की घड़ियां चोरी

जयपुर पूर्व के एडिशनल डीसीपी पारस जैन ने बताया कि शोरूम मालिक से चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी ली जा रही है। शुरुआती तौर पर करीब 250 घड़ियां चोरी होने की बात सामने आई है। इनमें कुछ घड़ियों की कीमत एक से पांच लाख रुपये तक बताई जा रही है।
बदमाशों की तलाश के लिए पूर्व जिले की डीएसटी, जिला पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल टीम को लगाया गया है। पुलिस ने अलग-अलग टीमों को जांच के अलग-अलग बिंदुओं पर काम करने की जिम्मेदारी दी है।

दक्षिण भारत की वारदातों से भी जोड़कर जांच

पुलिस अब इस घटना को दक्षिण भारत के कुछ शहरों में शोरूम में हुई ऐसी वारदातों के एंगल से भी जोड़कर देख रही है। वहां भी सात-आठ बदमाशों के समूह द्वारा शोरूम को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
इसके अलावा नकबजनी के पुराने मामलों में पकड़े गए संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस लोहे की रॉड तैयार करने वाले इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच में मिली लीड के आधार पर कई टीमें रवाना की गई हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें