भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नाहरगढ़ अभयारण्य से जुड़े एक वनपाल और फॉरेस्ट गार्ड को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ब्यूरो की टीम ने वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपये और फॉरेस्ट गार्ड शिव किशोर को 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा। दोनों आरोपियों के पास से कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
फिल्म शूटिंग की एनओसी के लिए मांगी रिश्वत
मामला नाहरगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में फिल्म शूटिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि फिल्म की शूटिंग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी जारी करने और जमा कराई गई सुरक्षा राशि वापस लौटाने की एवज में वन विभाग के कर्मचारियों ने रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन, फिर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पहले उसका सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद गुरुवार को टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और जाल बिछाया। इसी दौरान वनपाल श्याम सिंह और फॉरेस्ट गार्ड शिव किशोर को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया गया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी
कार्रवाई के बाद ब्यूरो की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। उनसे रिश्वत प्रकरण से जुड़े विभिन्न तथ्यों और लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि रिश्वत की मांग और लेन-देन में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के पर्यवेक्षण में हुई। मौके पर कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा ने किया। फिलहाल एसीबी की टीम गिरफ्तार वनपाल श्याम सिंह और फॉरेस्ट गार्ड शिव किशोर से मामले से जुड़े तथ्यों की गहन पूछताछ कर रही है। प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।