कुछ ही दिन हुए थे जब जयपुर की सड़कों पर अंधाधुंध दौड़ती एक बीएमडब्लू ने ऑटोरिक्शा में टक्कर मारकर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। मौत का वो मंजर लोग अभी भूले भी नहीं थे कि रविवार को एक बार फिर वही नजारा शहर की सड़क पर दिखा। जब नशे में धुत एक युवा वकील ने तेज रफ्तार कार से फुटपाथ पर सो रहे तीन मजदूरों को कुचल डाला। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार वाक्या शहर के मानसरोवर इलाके का है। पुलिस अधिकारी कमल नारायन ने बताया कि आरोपी वकील उदय शर्मा वरुण पथ पर अपने दोस्त के घर से पार्टी में शामिल होकर रात डेढ़ बजे वापस लौट रहा था।
उसकी कार काफी तेज रफ्तार में थी, बदरवास के निकट उसकी कार फुटपाथ पर सो रहे तीन लोगों पर चढ़ गई। हादसे में टांक जिले के सुरेली कस्बे के निवासी राजेन्द्र कीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, पुलिस ने 100 मीटर तक पीछा कर उसे गिरफ्तार किया। एक प्रत्यक्षदर्शी ओमप्रकाश ने बताया कि टाँक जिले के राजेन्द्र, कमलेश और पप्पू दिहाड़ी मजदूर करते थे वो आमतौर पर फुटपाथ पर ही सोते थे।
रविवार को भी वह फुटपाथ पर सोए हुए थे तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल डाला। पुलिस ने आरोपी उदय शर्मा को गैरइरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।