स्कूल को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है और अध्यापकों को भगवान का रूप माना जाता है लेकिन जयपुर के एक मशहूर स्कूल के टीचर ने कुछ ऐसा किया जिसे सुन कर किसी का भी सिर शर्म से झुक जाए।
टीचर पर आरोप था छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का और एक टीचर को फेसबुक पर अश्लील मैसेज भेजने का। इस टीचर को पुलिस ने गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया है।
खबर के मुताबिक 17 जुलाई को एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था और 19 जुलाई को स्कूल ने टीचर को निकाल दिया था।
क्या है मामला?
जयपुर के एक मशहूर स्कूल के टीचर नागेंद्र सिंह पर आरोप लगा कि वह छात्राओं के साछ छेड़छाड़ करता है। स्कूल की प्रिंसीपल ने भांकरोटा थाने में इस बाबत मामला भी दर्ज करा दिया।
प्रिंसीपल को इस प्रकरण की जानकारी एक पीड़ित छात्रा के परिजनों से मिली। पुलिस ने पोस्को एक्ट और 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों से मुलाकात की, पूरी बात पता की और फिर मामले की तफ्तीश में जुट गई।
टीचर को भी करता था परेशान
इस खबर का एक पहलू ये भी सामने आया है कि आरोपी टीचर की दोस्ती फेसबुक पर एक महिला टीचर से थी। नागेंद्र नाम का ये टीचर उसे अश्लील मैसेज भी करता था।
इस बात की शिकायत पीड़ित ने प्रिंसीपल से की जिसकी जांच की जा रही थी। इसी दौरान 17 जुलाई को टीचर पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगा जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस में जाने का फैसला लिया।