जयपुर साइबर क्राइम पुलिस ने क्यूआर कोड के जरिए ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर आरोपी ठग सद्दाम को भरतपुर से गिरफ्तार किया गया है।
अजयपाल लांबा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि परिवादी मनीष शर्मा निवासी शास्त्री नगर जयपुर ने जुलाई 2019 को थाना हाजा में एक केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि आरोपी ने फर्जी व्यापारी बनकर ट्रांसपोर्ट के जरिए माल भेजने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी ने व्हाट्सएप पर फोन पे और गूगल पे के क्यूआर कोड भेजकर लाखों रुपए ट्रांसफर कर लिया। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी सद्दाम (28) पुत्र रहमान खान को भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी इस तरह करता था वारदात
आरोपी सद्दाम फर्जी व्यापारी बनकर व्हाट्सएप पर क्यूआर भेजकर एडवांस पेमेंट ने नाम बैंक खाते में लाखों रुपये जमा करवाता था। पुलिस को उसके बैंक खाते से ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।