14 सितंबर को रामनगरिया थाना क्षेत्र में अक्षयपात्र मंदिर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कैश निकालकर बाहर आए कर्मचारियों से करीब 42 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी करौली जिले के जंगलों में छिपे हुए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलगिरी अपार्टमेंट, प्रताप नगर निवासी सुमित जांगम (26) और पुष्पेंद्र मीणा (28) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से करौली जिले के मासलपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस इस मामले में पहले एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से अब तक लूटी गई रकम में से 26.80 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने 16 सितंबर को सबसे पहले महिला आरोपी अंशु कुमारी जाटव को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 26.80 लाख रुपये बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को सुमित जांगम, पुष्पेंद्र मीणा और मस्तराम मीणा के नाम सामने आए।
इसके बाद पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। रामनगरिया थाने के हेड कांस्टेबल नाहर सिंह के नेतृत्व में एक टीम करौली भेजी गई। टीम ने जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर सुमित और पुष्पेंद्र को पकड़ लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को जयपुर लेकर आई और अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
ये भी पढ़ें: जयपुर: आर्म्स एक्ट मामले में राहत और जब्त सामान लौटाने के बदले मांगी रिश्वत, 10 हजार की घूस लेते एसआई गिरफ्तार
रेकी के बाद रची थी लूट की साजिश
पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजिता शर्मा के अनुसार आरोपियों ने वारदात अचानक नहीं की थी, बल्कि पहले रेकी कर पूरी योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन पर बहुत ज्यादा कर्ज था और उन्हें रुपयों की जरूरत थी। बैंक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार एटीएम में कैश डालने का समय पहले से तय नहीं था और इसे रैंडम तरीके से बदला जाता था। लगातार तीन दिनों की छुट्टियों के बाद एटीएम में बड़ी मात्रा में कैश मौजूद होने की संभावना को देखते हुए आरोपियों ने रेकी की और इसी एटीएम को निशाना बनाया।
महिला स्टाफ की मौजूदगी की थी जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों को जानकारी थी कि अक्षयपात्र मंदिर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में कैश डालने के दौरान ज्यादातर महिला स्टाफ मौजूद रहता है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को लगा कि महिला कर्मचारियों की मौजूदगी में वारदात को अंजाम देना उनके लिए आसान होगा। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन, फरार आरोपी मस्तराम मीणा और लूटी गई शेष रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है।