गुलाबचंद कटारिया और सालहे मोहम्मद
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सालेह मोहम्मद एक दूसरे से उलझ गए। विधानसभा में धर्मांतरण के मुद्दे पर खूब हंगामा हुआ। जिसके बा भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।
बता दें कि सदन में गुलाबचंद कटारिया और विधायक शंकर सिंह ने धर्मांतरण का मुद्दा उठाया। गुलाबचंद कटारिया ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सालेह मोहम्मद ने कलेक्टर को पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने ओबीसी सर्टिफिकेट के आधार पर अल्पसंख्यक प्रमाण-पत्र जारी करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री इस तरह के कार्य से धर्मांतरण का रास्ता खोल रहे हैं। बच्चों को हॉस्टल में भर्ती करवाने का लालच देकर धर्मांतरण करवाने का प्रयास हो रहा है।
गुलाबचंद कटारिया के आरोपों पर मंत्री सालेह मोहम्मद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मैंने पत्र लिखकर तय नियमों के हिसाब से ही अल्पसंख्यक प्रमाणपत्र जारी करने को कहा था। गलत प्रमाण पत्र पर कार्रवाई होती है। जिसके बाद मंत्री के जवाब के बाद भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।
सदन में सोमवार को शिक्षा, कला और संस्कृति विभाग की अनुदान मांगों पर विचार और मतदान के बाद उसे पारित किया जाएगा। सदन में आज विभिन्न विभागों की आदि सूचना भी रखी जाएगी। शून्य काल में नियम 295 और स्थगन के जरिए विधायक अपने क्षेत्र की मुद्दों को उठाएंगे।
यूडीएच विभाग के रखें जाएंगे प्रतिवेदन
वहीं यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल नगरीय विकास विभाग की तीन अधिसूचनाएं सदन में रखेंगे। यू़डीएच और सहकारिता विभाग से जुड़े वार्षिक प्रतिवेदन भी रखे जाएंगे। महेश जोशी वित्तीय समितियों के निर्वाचन और समितियों के गठन से संबंधित प्रस्ताव सदन में रखेंगे। सदन में इसके बाद शिक्षा, कला और संस्कृति विभाग की अनुदान मांगों पर विचार और मतदान होगा।