सेना की सप्लाई कोर में कार्यरत कर्मचारी को पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जयपुर की निचली अदालत ने आरोपी को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से केंद्रीय व राज्य स्तर की एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल में मौजूद आईएसआई एजेंट को गोपनीय सूचनाएं मुहैया कराता था।
राजस्थान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) दलपत सिंह दिनकर के मुताबिक राज्य विशेष शाखा ने 14 मई को सेना की साउथ-वेस्ट कमांड जयपुर में आर्मी सप्लाई कोर की टीपीटी कंपनी में अपर डिवीजन क्लर्क (सिविलियन) के तौर पर कार्यरत बीके सिन्हा को सैनिक गतिविधियों व गुप्त सामरिक सूचनाएं व दस्तावेज आईएसआई के काठमांडू स्थित एजेंट को देने के आरोप में गिरफ्तार किया।
सिन्हा मूल रूप से असम का रहने वाला है। सिलीगुड़ी (प. बंगाल) में भारतीय सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी के जरिए सिन्हा आईएसआई एजेंट के संपर्क में आया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल पहुंचकर आईएसआई एजेंट से संपर्क करता था।
नेपाल तक का हवाई किराया व वहां ठहरने आदि का बंदोबस्त आईएसआई एजेंट की ओर से किया जाता था। वह सूचनाएं भेजने के लिए कोड भाषा का इस्तेमाल करता था। सूचना देने के एवज में उसे नेपाली व भारतीय मुद्रा दी जाती थी। कई बार उसके बैंक खाते में राशि डाली गई। आरोपी की घर की तलाशी में सामरिक महत्व के दस्तावेज व साक्ष्य मिले हैं।