मंत्री शकुंतला रावत ने की इन्वेस्ट राजस्थान क्विज के विजेताओं की घोषणा की।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शकुंतला रावत ने शुक्रवार को उद्योग भवन में इन्वेस्ट राजस्थान क्विज के विजेताओं की घोषणा की। एआई टूल के माध्यम से विजेताओं की घोषणा करते हुए मंत्री ने क्विज की प्रथम विजेता नागौर की प्रमिला चौधरी को फोन पर बधाई भी दी। प्रमिला को पुरस्कार के रूप में 55 इंच का स्मार्ट टीवी दिया जाएगा। इस अवसर पर एसीएस उद्योग वीनू गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त महेंद्र पारख, आयुक्त बीआईपी ओम कसेरा और अतिरिक्त आयुक्त बीआईपी डॉ. मनीषा अरोड़ा भी उपस्थित रहे।
इन्वेस्ट राजस्थान क्विज को लेकर मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि यह बेहद सराहनीय है कि अधिकांश प्रतिभागियों ने क्विज के प्रश्नों के सही उत्तर दिए। क्विज में सौर उर्जा, कृषि सेक्टर से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए गए थे। इस क्विज से निवेशकों में भी इन्वेस्ट समिट के बारे में प्रचार प्रसार हुआ है।
बता दें कि इन्वेस्ट राजस्थान क्विज 3 स्तरों पर आयोजित किया गया था। प्रत्येक स्तर पर 10 प्रश्न थे। यह प्रश्न प्रतिभागियों को राज्य के समृद्ध संसाधनों, औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेश के संभावित अवसरों के बारे में जागरूक करने के लिए डिजाइन किए गए थे। उद्योग मंत्री ने क्विज के शीर्ष 214 विजेताओं के नामों की घोषणा की। क्विज के अगले 3 विजेताओं ने टैबलेट जीते।
इसी तरह स्मार्ट स्पीकर जीतने वाले अन्य 10 विजेताओं और ब्लूटूथ ईयरबड्स जीतने वाले 200 विजेताओं के नामों की भी घोषणा की गई। क्विज में 20,164 प्रतियोगियों ने भाग लिया और 13,422 प्रतियोगियों ने सभी 3 स्तरों को सफलतापूवर्क पूरा किया। क्विज के सभी 3 स्तरों को उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट भी दिए गए। उल्लेखनीय है कि 7-8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इन्वेस्ट राजस्थान समिट के तहत राजस्थान सरकार एक क्विज का आयोजन किया गया। क्विज का उद्देश्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक और निवेश योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूकता उत्पन्न करना था।