पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या।
- फोटो : Amar Ujala Digital
चूरू जिले के राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव पायली में शुक्रवार सुबह घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के बाद पति ने गांव के पास बने रतनगढ़-बीकानेर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। वहीं घायल पत्नी विमला की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर राजलदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। राजलदेसर थानाधिकारी रतनलाल ने बताया कि पायली निवासी छगनलाल मेघवाल (30) गुरुवार रात घर आकर खाना खाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी विमला (25) से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों में बात इतनी बढ़ गई कि छगनलाल ने कुल्हाड़ी से विमला पर हमला कर दिया। उसने करीब आधा दर्जन वार कर विमला को लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद छगनलाल घर से भाग गया।
कुल्हाड़ी के हमले से घायल विमला के चीखने पर उसकी सास दौड़कर आई। कमरे में बिखरा खून और लहूलुहान हालत में बहू को देखकर सास ने अपने अन्य दो बेटों और पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। गंभीर हालत में विमला को टेम्पो से रतनगढ़ के गवर्नमेंट जालान अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान छगनलाल ने गांव रतनगढ़-बीकानेर ट्रेक पर जाकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। दूसरी ओर डॉक्टरों ने विमला को प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि छगनलाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले रतनगढ़ तहसील के गांव हरदेसर की विमला के साथ हुई थी। दोनों में झगड़ा किस बात पर हुआ इस बारे में किसी को पता नहीं है। दोनों सामान्य रूप से जीवन जी रहे थे।
थानाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि पायली निवासी 30 वर्षीय छगनलाल ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर रेलवे ट्रैक से शव को उठाकर गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।