अजमेर की अलवर गेट थाना पुलिस ने नाबालिग से अश्लील हरकत कर फोटो-वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को खाटूश्याम जी से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता पर दोस्ती और शादी करने के लिए दबाव बनाया था। मना करने पर उसने फोटो-वीडियो इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर वायरल कर दिए। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
अलवर गेट थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। टीम को आरोपी के खाटूश्याम जी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह टीम के साथ रवाना हुए और आरोपी की भीड़ में पहचान कर उसे पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपी जिला अलवर वैशाली नगर निवासी आरोपी धारा सिंह (23) पुत्र लक्ष्मण सिंह है। पूछताछ में आरोपी धारा सिंह ने बताया कि उसने नाबालिग से दोस्ती करने और शादी के लिए दबाव बनाया था। पीड़िता के मना करने पर उसकी अश्लील फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर वायरल कर दिया। वह पीड़िता को बदनाम करना चाहता था।
अलवर गेट थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि 24 फरवरी 2024 को पीड़िता ने अपने परिवार सहित अलवर गेट थाने में शिकायत दी थी। जिसमे उसने बताया था कि करीब 6 महीने पूर्व इंस्टाग्राम पर उसकी धारा नाम के लड़के से दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों फोन पर बातचीत करना शुरू हो गए। आरोपी ने उसे मिलने के लिए कई बार दबाव बना बनाया लेकिन उसने मना कर दिया था। पीड़िता ने बताया कि एक दिन वह अपने घर वालों के साथ खाटूश्याम जी जा रही थी इसके बारे में उसने आरोपी को बताया था बाद में आरोपी भी वहां पहुंच गया और वह उसे पहली बार खाटूश्याम के मेले में मिली थी। वह थोड़ी देर साथ में रहे थे। पीड़िता ने बताया आरोपी धारा ने उसके बड़े भाई से इंस्टाग्राम पर रेशमा नाम से फर्जी आईडी बनाकर दोस्ती कर ली। बाद में आरोपी उसके भाई से पहली बार खाटूश्याम मेले में रेशमा का भाई बनकर मिला था। इसके बाद आरोपी और उसके भाई के बीच में दोस्ती हो गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने अजमेर में एग्जाम की बात कही। इसी बहाने आरोपी उसके घर आया और उसकी बहन को अकेला देखकर उसके साथ अश्लील हरकत की। इस दौरान आरेपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में उसे मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। जब उसने मना किया तो उसकी अश्लील फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर वायरल कर दिए। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी धारा सिंह को खाटू श्याम जी से गिरफ्तार कर अजमेर ले आई फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।