झुंझुनू सदर थाना पुलिस ने अवैध देशी शराब का परिवहन करते हुए उदावास गांव की सरपंच के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 96 अवैध देशी शराब के पव्वे बरामद किए हैं। साथ ही एक कैंपर गाड़ी को जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी महावीर सिंह पुत्र रामधन की पत्नी वर्तमान में उदावास गांव की सरपंच है।
आरोपी कई वर्षों से अवैध शराब के धंधे से जुड़ा हुआ है। थानाधिकारी महेन्द्र कुमार ने बताया कि रविवार रात को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाकरा गांव से कैंपर में अवैध देशी लेकर आ रहा है। जो किसी को अवैध रूप से बेचने जा रहा है। सूचना पर टीम का गठन कर बाकरा-उदावास रोड पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक कैंपर आते हुए दिखाई दी। जिसे रुकवाकर गाड़ी की तलाशी ली। तो एक कट्टे में देशी शराब भरी हुई मिली, जिसके बाद शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल
आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया। आरोपी कई सालों से अवैध शराब के धंधे जुड़ा है। पूर्व में झुंझुनूं, सिंघाना, लक्ष्मणनगढ़ (सीकर) में 9 मामले दर्ज हैं, जिसमें अवैध शराब, धोखाधड़ी, मारपीट सहित अलग अलग धाराओं में मामला दर्ज है।