भाजपा के राष्ट्रीय सचिव किरीट सोमैया ने सवाल उठाया है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत रातों रात अमीर कैसे हो गए? उन्होंने कहा कि वैभव गहलोत ने जब 2008-09 में रिटर्न फाइल किया था, तब उनकी आय पांच हजार रुपये प्रति माह थी। अब अचानक इतनी दौलत कहां से आ गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से जयपुर के नजदीक बने पांच सितारा होटल के मालिक का नाम उजागर करने को कहा है।
किरीट ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि जयपुर के निकटआमेर के कूकस में बना पांच सितारा होटल वैभव गहलोत का है या अशोक गहलोत के परिवार के किसी दूसरे सदस्य का। सरकार इस होटल पर इतनी मेहरबान क्यों है?
उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान का विरोध किया, जिसमें उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का हश्र दूसरे मुख्यमंत्रियों जैसा होने की बात कही थी। भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की बेटी सोनिया को मुंबई के व्यवसायी मफत लाल मुहणोत ने 10 करोड़ का फ्लैट 50.50 हजार रुपये में किस आधार पर दिया। गहलोत प्रदेश की दूसरी बेटियों को भी ऐसे फ्लैट 50.50 हजार रुपये में क्यों नहीं दिलवा रहे हैं?