गोवटी गांव में बुधवार को प्रशासन ने लोगों के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इन मकानों को गिराने से पहले प्रशासन की तरफ से लोगों को नोटिस भी जारी किया गया था। प्रशासन ने लोगों को सड़क चौड़ीकरण और सड़क निर्माण की जानकारी देते हुए अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था। नोटिस के बाद भी लोगों ने जब अपने मकान नहीं हाटाए तो मजबूरन प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
बता दें कि गांव में बन रही सड़क के चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। इसको लेकर ग्राम पंचायत की ओर से सड़क के दोनों तरफ के पक्के निर्माण हटाने के लिए लोगों को दो बार नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद लोगों ने अपने पक्के निर्माण नहीं हटाए। इसके बाद दांतारामगढ़ एसडीएम प्रतिभा वर्मा ने पलसाना नायब तहसीलदार महिपाल सिंह को मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त कर पक्के निर्माण तोड़ने के निर्देश दिए। बुधवार को नायब तहसीलदार महिपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पक्के निर्माण ध्वस्त करवा दिए।