कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव से पहले विधायकों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि सब कुछ ठीक है, हम राज्यसभा की तीनों सीटें जीतेंगे। अब कौन कितनी सीटें जीतेगा यह को दस जून को ही साफ हो पाएगा। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति बनाने में लगी हुईं हैं।
दरअसल, शनिवार को दो मंत्रियों और तीन विधायकों के साथ उदयपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्यसभा की तीनों सीटे जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा, सब कुछ नियंत्रण में हैं, पार्टी के तीनों उम्मीदवार 10 जून को राज्यसभा चुनाव जीतेंगे। डोटासरा यहां दो मंत्रियों लाल चंद कटारिया और राजेंद्र सिंह यादव के अलावा तीन विधायक अमीन कागजी, रीटा चौधरी और रामकेश मीणा के साथ आए हैं। अब तक करीब 100 विधायक बाड़ेबंदी में पहुंच गए है। डोटासरा यहां बाड़ेबंदी में रह रहे विधायकों से ही मुलाकात करने आए हैं। बताया जा रहा है कि सीएम अशोक गहलोत भी विधायकों से मिलने के लिए आने वाले थे, लेकिन अब उनका दौरा रद्द हो गया। इसी के साथ लगभग 100 विधायक उदयपुर पहुंच चुके हैं।
भाजपा ने दूसरा उम्मीदवार क्यों उतारा
डोटासरा ने उदयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, भाजपा के पास राज्यसभा की दो सीटों के लिए बहुमत नहीं है। इसके बाद भी इन्होंने दूसरा उम्मीदवार क्यों उतारा? भाजपा निर्दलीय उम्मीदवार का ना ले रही है, लेकिन वह इन्हीं के उम्मीदवार है। बीटीपी, कम्यूनिस्ट पार्टी और निर्दलीय विधायकों का कांग्रेस को समर्थन है। इनके साथ एक भी निर्दलीय विधायक नहीं हैं। भाजपा को प्रजातंत्र का गला घोंटने और लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करने की आदत है। विधायकों की खरीद-फरोख्त ( हॉर्स ट्रैडिंग) इनका मुख्य एजेंडा हो गया है।