हनुमानगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत तीन करोड़ रुपये कीमत की 1.546 किलो हेरोइन, विदेशी पिस्टल, कारतूस और नकदी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नशे की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंची थी और वहां से राजस्थान लाई गई।
पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत कार्रवाई करते हुए एक किलो 546 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
विज्ञापन
पुलिस ने गश्त के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से हेरोइन के अलावा एक विदेशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने कार, हथियार, नकदी तथा नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुर गोदारान निवासी रांझू खां उर्फ रांझा (30) के रूप में हुई है। आरोपी कार में सवार होकर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है। पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पंजाब तक नशीले पदार्थ की खेप पहुंच रही थी। आरोपी पंजाब के रास्ते हेरोइन प्राप्त कर इसे राजस्थान के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और आपूर्ति शृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
तस्कर पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रांझू खां पुराना अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध वर्ष 2014 से 2026 के बीच एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों सहित कुल सात प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। इन मुकदमों में एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस बार आरोपी तक नशे की यह खेप किस माध्यम से पहुंची और राजस्थान में किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले का आगे की जांच पीलीबंगा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रायसिंह सुथार को सौंपा गया है।