मंत्री के घर में शादी हो और रुतबे में कोई कमी रह जाए ऐसा कैसे हो सकता है। मौका राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया के बेटे की शादी का था, यहां जमकर हर्ष फायरिंग की गई। वहीं सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है इसमें मेहमान भी तमंचे पर डिस्को करते नजर आ रहे हैं।
बांसवाड़ा में मंत्री मालवीया ने सोमवार को शादी का रिसेप्शन आयोजित किया था इसमें बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे थे। इस दौरान जश्न में डूबे लोगों ने बंदूक से दर्जनों राउंड फायरिंग की। कैबिनेट मंत्री मालवीया के बेटे की की शादी पूर्व की भाजपा सरकार में राज्य मंत्री रहे धनसिंह रावत की बेटी के साथ हुई है।
कुछ लोगों ने बंदूक से किए फायर
वायरल वीडियों में साफ दिखाई दे रहा है कि मेहमानों गोला बना कर हाथ में बंदूकें लिए डांस कर रहे हैं। इस बीच कुछ लोगों ने बंदूक से फायर भी किए। वहीं कुछ लोग तालियां बजाकर भी बंदूक चलाने वालों को प्रोत्साहित करते दिखाई दे रहे हैं।
कहते हैं राजनीति में कुछ भी हो सकता है ये किसी ने गलत नहीं कहा। जो पहले अलग-अलग मंचों खड़े होकर एक-दूसरे पर कटाक्ष किया करते थे वो आज आपस में समधी बन गए हैं। इलाके में दोनों के समधी बनने की चर्चा जोरों पर हैं। लेकिन विवाह समारोह में फायरिंग पर अभी तो कोई पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई हैं।
क्या कहता है आर्म्स एक्ट
कुछ सालों में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें हर्ष फायरिंग के दौरान किसी को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आर्म्स एक्ट में संशोधन किया गया था। आर्म्स एक्ट में संशोधन के बाद केंद्र सरकार ने शादी या अन्य समारोह में किसी भी प्रकार के हथियारों से फायरिंग को बैन कर दिया था। बहुत से लाइसेंसधारी शादियों में जश्न के लिए अब भी हवा में फायर करते हैं।