उदयपुर के दानपुर थाना क्षेत्र के वाग तालाब गांव में पोते को आत्महत्या करने से रोकने पर दादा को जान की कीमत चुकानी पड़ी। रोके जाने से आगबबूला हुए पोते ने दादा पर लात घूंसों से हमला कर दिया। दादा जान की भीख मांगते रहे लेकिन बेरहम पोता रुका नहीं। उसने बुजर्ग को सीमेंट के बने स्ट्रक्चर पर पटक दिया। जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार दानपुर थाना अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि 40 वर्षीय ईश्वर (पुत्र उदिया कटारा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके मुताबिक उसके 60 साल के पिता उदिया (पुत्र वेदा) की हत्या उसके 20 साल के बेटे मनीष ने कर दी। मनीष बिजली के पोल पर चढ़कर जान देने जा रहा था। इस पर उसके दादा ने उसे रोका। ऐसे में पोता बिजली के पोल से उतरा और अपने दादा को लात घूंसों से मारने लगा और उनकी जान ले ली। आसपास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
आरोपी के भाई और अन्य परिजनों ने बताया कि उनके बीच बचाव से पहले ही दादा की हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। आसपास तलाश करने की कोशिश की पर कुछ भी पता नहीं चला है। ऐसे में सरपंच के माध्यम से रात्रि में पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई शुरू की गई है।
दानपुर थाना अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि आरोपी मजदूरी करके अपना घर चलाता है। जांच शुरू कर दी गई है। मध्य प्रदेश के लिए भी एक टीम भेजी गई है। जिससे आरोपी की गिरफ्तारी हो सके। महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराकर डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है।