राज्यपाल ने कोटा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र मंगलवार को दो दिवसीय प्रवास पर कोटा पहुंचे। कोटा एयरपोर्ट पर जिला कलेक्टर ओपी बुनकर, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त राजपाल सिंह, शहर पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कविंद्र सिंह सागर सहित तमाम प्रशासनिक पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद राज्यपाल ने कोटा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान दो विद्यार्थियों को चांसलर और वाइस चांसलर के मेडल दिए गए। 57 स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल भी दिए गए।
कोटा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल कलराज मिश्र ने देश के पहले हेरिटेज रिवर फ्रंट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस अदभुत निर्माण श्रृंखला से कोटा के पर्यटन को पंख लगेंगे। इससे शहर को एक नई पहचान मिलेगी।
बतादें कि कोटा में 1200 करोड़ की लागत से बनवाए जा रहे रिवर फ्रंट में कई स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे है। जिनमें हाड़ौती के साथ-साथ मेवाड़, मुगल और मारवाड़ी कला को प्रदर्शित किया गया है। चंबल रिवर फ्रंट चंबल नदी के दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर लंबा है।
उधर, कोटा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में कुल 72347 विद्यार्थियों को उपाधियां दी गई। वहीं, 57 ऐसे विद्यार्थी थे जिन्हें गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। इनमे पीजी के वसीम राजा और यूजी के नमिता मालव को कुलाधिपति पदक से नवाजा गया। इसी तरह 1 मार्च को आयोजित होने जा रहे कोटा तकनीकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कुल 21567 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। इनमें से 28 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। चांसलर पदक एमटेक स्ट्रक्चरल इंजिनियरिंग के प्रज्ञा माहेश्वरी को और वाइस चांसलर मेडल कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग बीटेक स्टूडेंट त्रिशा विश्वास को दिया जाएगा।