अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023
- फोटो : social media
भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष घोषित किया है। अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष को यादगार बनाने के मकसद से भारत सरकार 100 रुपये का खास स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। यह सिक्का इसी माह जारी किया जाएगा। मोटे अनाज यानी मिलेट्स को पीएम मोदी ने 'श्रीअन्न' नाम भी दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहल पर दुनिया वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मना रही है। भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने भी वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष घोषित किया है। वर्ष 2023 में अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष मनाने के भारत के प्रस्ताव को वर्ष 2018 में खाद्य और कृषि संगठन द्वारा अनुमोदित किया गया था तथा संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया। दुनियाभर में भारत मोटे अनाज का सबसे बड़ा उत्पादक व दूसरे नंबर का सबसे बड़ा निर्यातक देश है।
कैसा दिखेगा सिक्का
सिक्कों और करेंसी नोटों का कलेक्शन व अध्ययन करने वाले बीकानेर के मुद्राशस्त्री सुधीर लुणावत ने सिक्के के स्वरूप को लेकर जानकारी दी। उनके अनुसार सरकार फरवरी में इस सिक्के को जारी करने जा रही है। उन्होंने बताया इस सिक्के के एक तरफ अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष का अधिकृत लोगो होगा। उसके ऊपर हिंदी तथा नीचे अंग्रेजी में अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष 2023 लिखा होगा। सिक्के के दूसरे भाग पर अशोक स्तम्भ के नीचे रुपये के चिन्ह के साथ 100 रुपये लिखा होगा जिसके दाएं तथा बाएं भारत लिखा होगा। मिलिट्स पर जारी होने वाला यह 100 रुपये का स्मारक वाला सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में बनाया जाएगा।