राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और जयपुर पुलिस कमिश्नर को बुधवार को मिले एक धमकी भरे ई-मेल से हंगामा मच गया।
मामला इतना गंभीर था कि तुरंत एक पुलिस टीम जांच के लिए रवाना की गई। इसके बाद जो पता चला वो हैरान करने वाला था।
बुधवार को मिले ई-मेल में 13 जून को जयपुर में सीरियल बम धमाकों की धमकी दी गई थी। यह ई- मेल समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों को भी भेजा गया था।
किसी भी दुर्घटना के अंदेशे में तुरंत कार्रवाई करते हुए आईटी विशेषज्ञ सब इंस्पेक्टर लिखमा राम के नेतृत्व में पुलिस टीम पत्र में लिखे पते पहुंची।
जांच के बाद बेहद खतरनाक दिख रहा यह मामला 24 घंटे में सुलझ गया और पता चला की एक युवती ने अपने प्रेमी को फंसाने के लिए यह ई-मेल भेजा था।
पत्र पर था बॉयफ्रेंड का पता
एडिशनल कमिश्नर के मुताबिक पत्र भेजने वाले ने खुद को कुरियर कम्पनी संचालक बताया था। साथ ही कुरियर के जरिए आए पत्र को पढ़ने से धमाकों की प्लानिंग की जानकारी मिलने की बात लिखी थी।
पत्र पर प्रतापनगर में अमित का पता लिखा था। मेल में सैन्य क्षेत्र की कुछ जगहों के नाम भी दिए गए थे।
बॉयफ्रेंड से खुला राज
कुरियर से मिले पते पर जब पुलिस पहुंची तो उन्हें वहां आरोपी युवती का प्रेमी अमित मिला। पूछताछ पर अमित ने अपनी प्रेमिका रितु शर्मा से लड़ाई होने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार अमित ने बताया कि रितु ने उस पर वैशानीनगर में यौनशोषा का मामला भी दर्ज कराया है।
उसके बाद पुलिस वैशालीनगर में रितु के घर पहुंची और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रितु को आईटी एक्ट की गैर जमानती धारा में गिरफ्तार कर लिया है।
शादी तुड़वाने पर थी नाराज
पुलिस के मुताबिक वैशालीनगर में रहने वाली 25 वर्षीय रितु अपनी सगाई तुड़वाने से नाराज थी। कुछ दिन पहले अमित ने रितु की अन्य लड़के से हुई सगाई तुड़वा दी थी। इसके चलते बदला लेने के लिए रितु ने यह साजिश की।