गैंगस्टर अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई।
- फोटो : अमर उजाला
लॉरेंस गैंग राजस्थान पुलिस और प्रदेश के कारोबारियों के लिए मुसीबत बन गया है। आए दिन व्यापारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगी जा रही है। अब जयपुर में रहने वाले एक और व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर रुपये की मांग की गई है।पीड़ित व्यापारी प्रदीप कुमार तोलानी जयपुर के प्रताप नगर स्थित एनआरआई कॉलोनी में रहते हैं। इस संबंध में उन्होंने थाने में केस दर्ज कराया है।
एसएचओ मानवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदीप तोलानी होटल व्यापारी हैं। वे पांच साल से एनआइआई कॉलोनी में रह रहे हैं। मानवेंद्र ने बताया कि 6 फरवरी को सुबह 10:23 पर प्रदीप को व्हाट्सअप कॉल आया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद कई बार कॉल आया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया।
कॉल नहीं उठाने पर उसी नंबर से मैसेज आए। एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें युवक कह रहा है कि मेरा नाम अनमोल बिश्नोई है और वह लारेंस विश्नोई का भाई है। आरोपी ने ऑडियो मैसेज भेजकर प्रदीप से कॉल उठाने और उससे बात करने के लिए कहा। साथ ही उसे ये चेतावनी भी दी कि वह उसके साथ मिलकर चले, ऐसा नहीं करने पर उसे गोली मारने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद पीड़ित होटल व्यापारी पुलिस के पास पहुंचा और केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।