राजस्थान के उदयपुर में चल रहे कांग्रेस के चिंतन शिविर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हमला बोला है। उन्होंने कहा, फाइव स्टार चिंतन शिविर में जिस कांग्रेस को अपडेट करने की बात की जा रही है, उसका पूरा सॉफ्टवेयर कब का पुराना हो चुका है।
शिविर में वही अंग्रेजों के जमाने की बातें दोहराई जा रही हैं, जिनकी वजह से देश की सबसे पुरानी पार्टी को उसके वफादार नेता अलविदा कह रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, पंजाब में कांग्रेस की जैसी भद पिटी, वही हाल राजस्थान में होना है। शिविर में आए चेहरों पर मुस्कान है, लेकिन दिल में कितनी आग लगी है, यह सबको पता है।
मीडिया से चर्चा के दौरान शनिवार को शेखावत ने कहा, देश आजादी का अमृत महोत्सव बना रहा है। हम 25 साल के अमृतकाल में प्रवेश कर रहे हैं, तब किस तरह से देश को आगे बढ़ाने के लिए काम करें और इसमें कांग्रेस किस तरह से सकारात्मक भूमिका निभा सकती है। चिंतन शिविर में इसकी चर्चा की जानी चाहिए थी, लेकिन वहां सत्ता किस तरह से हासिल की जाए इस पर चर्चा हो रही है। सत्ता की छटपटाहट और बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है।
एक परिवार को एक टिकट देने की नीति से कांग्रेस परिवार को अगल रखने पर शेखावत ने कहा, कांग्रेस की हमेशा से यही परंपरा रही है। उन्होंने कहा, किसी संगठन, देश या राजनीतिक पार्टी का नेता खुद आगे बढ़कर अपने चरित्र, आचरण और व्यवहार से प्रेरणा नहीं देता, तब तक कोई भी नीति सफल नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि इस चिंतन शिविर का हश्र भी वही होने वाला है, जो इससे पहले का हुआ था।
सद्भावना ही शांति का आधार
केंद्रीय मंत्री शेखावत और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी बाड़मेर के फोगेरा गांव में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और मां जगदंबा के मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा व विराट धर्मसभा में शामिल हुए। इस दौरान शेखावत कहा, सद्भावना ही शांति का आधार है। सनातन धर्म पूरे विश्व के कल्याण की कामना करता है। हमें मनुष्य के कल्याण के लिए काम करने की आवश्यकता है।