राजस्थान में कॉलेज में प्रवेश दिलाने के नाम पर एक ठगी का मामला सामने आया है। गंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में उदयपुर के एक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 31 लाख 50 हजार रूपये ठग लिये गये। इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दौलतराम सारस्वत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि जयपुर के टोंक रोड पर स्थित एक संस्थान के निदेशक सुधीर भारतीय और गंगानगर के रिडमलसर कस्बे के पास रतनपुरा गांव के विकास शर्मा से उसका पिछली मई में सम्पर्क हुआ था। उन्होंने उदयपुर के एक मेडिकल कॉलेज में अच्छी जान पहचान होने की बात कही थी।
जान पहचान का झांसा देकर ठगों ने दौलतराम की बेटी पूजा और भांजी मनीषा को प्रवेश दिलाने के लिए पैसे लिए। उन्होंने 16 मई और 20 जून को दो किश्तों में 31 लाख 50 हजार रूपये ले लिये। दौलतराम ने बताया कि न तो उसकी पुत्रियों को प्रवेश मिला और न ही दोनों आरोपी राशि लौटा रहे हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।