नागौर जिले के खुनखुना थाने के थाना अधिकारी और तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इन पुलिसकर्मियों ने थाने के पूर्व थाना अधिकारी पर केस दर्ज करने में लापरवाही बरती थी। महिला की शिकायत के बाद पुलिसकर्मियों ने केस दर्ज नहीं किया था।
नागौर के पुलिस अधीक्षक राम मूर्ति जोशी ने बताया कि इस मामले थानाधिकारी, दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महिला ने 2018 में खुनखुना थाने के थाना अधिकारी रहे उपनिरीक्षक शंभू दयाल मीणा पर रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया था। साथ ही अन्य के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक अजमेर से शिकायत की थी। मामले में आईजी कार्यालय ने नागौर पुलिस अधीक्षक को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने 29 अप्रैल को महिला का शिकायत पत्र खुनखुना थाने के थाना अधिकारी को भेजा और केस दर्ज करने का निर्देश दिए। इसके बाद भी केस दर्ज करने में लापरवाही बरती गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी धर्मपाल, हेड कांस्टेबल बंशी लाल, ओमप्रकाश और कांस्टेबल सुरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।