उदयपुर में दो महीने पहले भाजयुमो के महामंत्री हिमांशु बागड़ी पर तलवारों से हमला किया गया था। उनसे मारपीट और अगवा करने, उनके दोस्त भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र भंडारी के ऑफिस और कार में तोड़फोड़ करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि 24 फरवरी को न्यू भूपालपुरा स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती भाजयुमो के महामंत्री हिमांशु बागड़ी ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि शाम पांच बजे वह अपने दोस्त गजेंद्र भंडारी के ऑफिस के बाहर बैठा था, जहां काली स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और फिगो कार और सात-आठ बाइक पर 25-30 लोग आए और जातिगत गाली देने लगे। मना करने पर काली स्कार्पियो से उतरे सनी पोखरना ने तलवार से वार कर दिया। जिससे बाएं हाथ की कोहनी, सिर, कान और हाथ पर चोट आई। इसके अलावा कुलदीप और प्रताप सिंह ने भी हमला किया।
हमले में हिमांशु बागड़ी नीचे गिरने पर स्कॉर्पियो में जबरन डाल के ले गए और गाड़ी में भी मारपीट की और कुछ दूर ले जाकर गाड़ी से फेंक दिया। मारपीट के दौरान इन्होंने गजेंद्र भंडारी के ऑफिस में घुसकर ऑफिस में और बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की। रिपोर्ट पर थाना भूपालपुरा पर मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देख कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन और सीओ नगर पूर्व जरनैल सिंह के नेतृत्व मेंस्पेशल टीम गठित की गई। जिसके बाद सनी पोखरना, गजेंद्र सिंह, विश्वजीत सिंह और कार्तिक साल्वे को गिरफ्तार किया गया था। अब पिछले दो महीने से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त हिम्मत सिंह उर्फ गोलू, कमलेश सुथार उर्फ चीकू और प्रताप सिंह निवासी थाना सवीना जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया गया है।