राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा के पुत्र और भाजपा नेता अशोक शर्मा का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। अशोक शर्मा वसुंधरा राजे के करीबी नेता माने जाते थे। उनके निधन से धौलपुर में शोक की लहर है।
बता दें अशोक शर्मा राजस्थान सरकार में मंत्री रहे बनवारी लाल शर्मा के बड़े बेटे थे। अशोक शर्मा ने साल 2008 में धौलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अब्दुल सगीर से हार गए थे।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अशोक शर्मा को भाजपा में शामिल करवाया था। राजे ने ही उन्हें साल 2018 में राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का प्रत्याशी बनाया था। लेकिन वो निकटतम प्रतिद्वंदी रोहित बोहरा से चुनाव हारे गए थे।
अशोक शर्मा अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते थे। राजनीति क्षेत्र में उनकी छवि बेदाग मानी जाती थी। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी माना जाता था। उनके पिता बनवारी लाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी चुनाव में हराया था लेकिन वर्ष 2018 से बनवारी लाल शर्मा और अशोक शर्मा की नजदीकियां पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से बढ़ गई थी। अशोक शर्मा के निधन से जिले भर में शोक की लहर देखी जा रही है।