चित्तौड़गढ़ जिला स्पेशल टीम ने बिजयपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने एक पिकअप से 10 क्विंटल 40 किलो 820 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। साथ ही एक पिकअप और उसे एस्कॉर्ट कर रही कार को जब्त किया है। पिकअप से 12 बोर गन का एक खाली कारतूस और 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए अवैध डोडा की अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि डीएसटी और विजयपुर थाना पुलिस मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान एक कार तेजी से नाकाबंदी स्थल से गुजरने की कोशिश में बेरिकेट्स से टकरा कर रुक गई। इसका चालक मौके से फरार हो गया। इसके पीछे एक पिकअप आ रही थी, जिसमें तीन लोग बैठे थे। पिकअप का चालक और खलासी साइड में बैठा व्यक्ति उतरकर भागने लगे। डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक मुंशी मोहम्मद और पुलिस जाप्ता उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान एक व्यक्ति ने भागते हुए पिस्टल और बाराबोर गन से पुलिस पर सात से आठ राउंड फायर किए। जवाब में डीएसटी प्रभारी मुंशी मोहम्मद ने भी सरकारी पिस्टल से चार राउंड फायर किए।
आरोपी जंगल में भाग गए, जिनमें से एक की पहचान बिजयपुर के पेमाखेड़ा निवासी उदयलाल पुत्र रतनलाल गुर्जर के रूप में हुई। वहीं, पिकअप में सवार एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पिकअप के पीछे बिना नंबर की एक बोलेरो गाड़ी भी आई, जिसमें तीन लोग बैठे थे। बोलेरो चालक पुलिस को देखकर गाड़ी वापस मोड़कर भाग गया।
पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने भागने वालों की पहचान कनेरा थाना क्षेत्र के बड़ावली निवासी भंवर पुत्र कालू नायक और दो अन्य व्यक्तियों के रूप में कराई। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, जिसमें काले रंग के 55 प्लास्टिक के कट्टों में 10 क्विंटल 40 किलो 820 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसे जब्त करने के साथ ही पिकअप में मिली बाराबोर गन, एक खाली और 11 जिंदा कारतूस भी जब्त कर लिए गए। पुलिस ने पिकअप और स्विफ्ट कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।
मौके पर पकड़े गए आरोपी कनेरा थाना क्षेत्र के बड़ावली निवासी लालसिंह पुत्र प्रतापसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया। बिजयपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी पेमाखेड़ा निवासी उदयलाल पुत्र रतनलाल गुर्जर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।