राजस्थान के करौली के हिंडौन सिटी में रोडवेज डिपो में रात को एक बस में अचानक आग लग गई। आगजनी में पूरी बस जल गई, इसके अलावा आग की चपेट में आने से डिपो में खड़ी 4 बाइक और एक जनरेटर भी जलकर खाक हो गया।
घटना को लेकर रोडवेज डिपो के प्रबंधक विश्राम मीणा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसमें बताया गया कि हिण्डौन से कैलादेवी-धौलपुर रूट पर संचालित यह रोडवेज बस हिंडौन बस स्टैंड से रोज सुबह करौली के लिए रवाना होती है। बस रात को डिपो में खड़ी हुई थी। मौके पर मौजूद गार्ड शिवलाल शर्मा के बताया कि देर रात 12:45 पर बस अचानक स्टार्ट हुई और फिर बस में आग लग गई।
आग लगी बस अपने आप आगे बढ़कर एक दीवार से टकरा गई, जिससे कई कर्मचारियों की बाइक भी आग की चपेट में आ गईं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। गार्ड शिवलाल सहित अन्य कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और डिपो अधिकारियों को सूचना दी। आगजनी की सूचना के बाद नगर परिषद से 2 दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस, चार बाइक और जनरेटर जलकर खाक हो चुके थे