राजस्थान राइफल एसोसिएशन (RRA) की पांच महिला खिलाड़ियों ने कोच के खिलाफ दुष्कर्म और छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया। आरोप है कि कोच ने एक खिलाड़ी को ओलिंपिक खिलाने, मेडल दिलवाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
कोच अपने पद का गलत इस्तेमाल कर इन महिला खिलाड़ियों पर अकेले में मिलने का दबाव बनाता था और उनके साथ छेड़छाड़ भी करता था। शिकायत मिलने के बाद आरआरए के पदाधिकारी ने जयपुर के मालवीय नगर थाने में आरोपी कोच के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले राजस्थान राइफल एसोसिएशन की पांच युवा महिला खिलाड़ियों ने एसोसिएशन कार्यकारणी के पदाधिकारी महिपाल सिंह को कोच शशिकांत शर्मा के खिलाफ एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत देने वाली खिलाड़ियों में तीन नाबालिग खिलाड़ी भी हैं। अपनी शिकायत में इन खिलाड़ियों ने कोच शशिकांत पर दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरोप है कि कोच शशिकांत शर्मा महिला खिलाड़ियों को वॉट्सऐप पर गंदे मैसेज करता है। अपने फ्लैट पर बुलाने के लिए खिलाड़ियों पर दबाव बनाता है। अभ्यास के दौरान शूटिंग रेंज पर शराब पीते थे। कई बार महिला खिलाड़ियों को जबरन शराब पिलाने की कोशिश भी की गई। विरोध करने पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग नहीं लेने देने की भी धमकी दी गई।
विदेश में कमरे में साथ रुकने का भी बनाया दबाव
शिकायत करने वाली एक महिला खिलाड़ी का आरोप है कि वह एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इटली गई थी। इस दौरान कोच ने शराब पीने के लिए मजबूर किया। साथ ही होटल के कमरे में साथ रुकने का भी दबाव बनाया। विरोध करने पर राजस्थान राइफल एसोसिएशन के स्कोर से छेड़छाड़ करने की धमकी दी। क्योंकि, शशिकांत ही स्कोर पोर्टल संभालते हैं।