पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर जिले के मनिया थाना इलाके के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। थाना इलाके में रहने वाले एक पिता ने अपनी 7 साल की बच्ची को एक अधेड़ को 4.50 लाख में बेच दिया। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार शाम को पुलिस ने बालिका को आरोपी के घर से दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को राउंडअप किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
सीओ दीपक दीपक खंडेलवाल ने बताया- स्थानीय मनिया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 7 साल की बच्ची का विवाह किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम का गठन कर विरजा का पुरा गांव पहुंचे। गांव के बाहर सुनसान स्थान पर एक घर बना हुआ था, जहां 7 साल की बच्ची खेलती हुई मिली। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी, पैरों में बिछुआ थे और मांग भी भरी हुई थी। वह मोबाइल पर कार्टून देख रही थी। बच्ची से पूछताछ करने की कोशिश की गई, लेकिन वह कुछ भी नहीं बता पाई।
साढ़े 4 लाख में हुआ सौदा
दीपक खंडेलवाल ने बताया 7 साल की नाबालिग बच्ची को उसके पिता ने बेच दिया था। साढ़े 4 लाख रुपये में उसने अधेड़ के साथ सौदा कर बच्ची की शादी उससे करा दी थी। बच्ची इतनी अबोध है कि अभी तक उसे शादी के बारे में पता तक नहीं है। पुलिस पूछताछ में बच्ची घटना के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दे पा रही है। बालिका को दस्तयाब कर पुलिस ने पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के साथ मानव तस्कर विरोधी एक्ट में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगा।
आरोपी ने जुर्म किया कबूल
सूत्रों के अनुसार बच्ची के पिता सुल्तान ने एमपी से आकर बसे महेंद्र सिंह के बेटे भूपाल सिंह से बेटी की शादी करने के लिए उसे बेचा था। पुलिस पूछताछ में महेंद्र सिंह ने बिचौलिए के जरिए बच्ची के पिता सुल्तान को 4.50 लाख रुपये देना स्वीकार किया है। कल बुधवार को पुलिस इस मामले का पूरी तरह से खुलासा करेगी।