अशोक गहलोत-सचिन पायलट (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंग नगर में कर्ज से परेशान किसान ने आत्महत्या कर ली और सुसाइड नोट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को जिम्मेदार ठहराया। जानकारी के अनुसार ठाकरी गांव में 45 वर्षीय किसान सोहनलाल मेघवाल ने रविवार को अपने घर पर जहरीला पदार्थ पीने से पहले ग्रामीणों को सोशल मीडिया पर राम-राम कहा।
जब ग्रामीण दौड़े-दौड़े उसके निवास पहुंचे, तो उसे गम्भीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां से उसे जिला अस्पताल में रैफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मेघवाल ने सुसाइड नोट में लिखा उस पर तीन लाख का कर्ज था, जिसके कारण सिंडिकेट व ओबीसी बैंक उस पर दबाव बना रहे थे। उसने लिखा कि इस मौत के जिम्मेदार अशोक गहलोत व सचिन पायलट हैं।
उन्होंने वायदा किया था कि सरकार आई तो दस दिन में आपका कर्जा माफ कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरी मौत का मुकदमा अशोक गहलोत पर कर देना। मैं किसान भाइयों के लिए मरने जा रहा हूं। इधर, किसानों व उनके नेताओं ने जमकर नारेबाजी की और गहलोत व पायलट पर मुकदमा दर्ज नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।