पूर्व विधायक अनिता सिंह गुर्जर।
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले की नगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक अनीता सिंह गुर्जर ने चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। अनीता ने कहा- उन्हें चुनाव लड़ने का आदेश सर्व समाज के लोगों ने दिया है। उनके आदेश का पालन करते हुए वह नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। भाजपा से उनका कोई लेना देना नही है। भाजपा को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन लगा दिया, लेकिन पार्टी ने उन्हें धोखा दिया है। अब वह पार्टी के बंधन से मुक्त हो चुकी हैं।
पूर्व विधायक अनीता सिंह ने बताया कि उनके पास चार-पांच हजार समर्थकों और ग्रामीणों के फोन आए। उन्होंने मुझे सुंदरावली गांव में हो रही बैठक में बलुाया। वहां, लोगों ने पार्टी द्वारा टिकट नहीं देने को धोखा बताया। इस दौरान बड़ी संख्या में बैठक में मौजूद लोगों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का आदेश दिया है।
पूर्व विधायक अनीता ने कहा- उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं से पहले बातचीत की थी, उन्होंने टिकट देने का पूरा भरोसा दिया था। लेकिन, अब नगर विधानसभा का टिकट जवाहर सिंह बेढम को दिया गया है। पार्टी ने टिकट नहीं देकर उन्हें बंधन से मुक्त कर दिया है। अब मैं परिवार और समाज के लोगों के बंधन में हूं। सभी लोगों ने चुनाव लड़ने को कहा है, उनके आदेश की पालना करते हुए नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडूंगीं। हार-जीत तो भगवान के हाथ में है।
बता दें नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जवाहर सिंह बेढम टिकट मिलने के बाद पूर्व विधायक अनीता सिंह गुर्जर से मिलने पहुंचे थे। लेकिन, अनीता ने उनसे बातचीत करने से मना कर दिया। इसी से संकेत मिल गए थे कि अनीता टिकट नहीं मिलने के कारण भाजपा से नाराज हैं।