राजस्थान के श्रम विभाग ने जीन्स और टीशर्ट को अशोभनीय मानते हुए अपने कर्मचारियों के इन्हें पहनकर कार्यालय आने पर रोक लगा दी है। राज्य के श्रमायुक्त गिरिराज सिंह की तरफ से ड्रेस कोड को लेकर ये आदेश 21 जून को जारी किया गया है और राज्य के कर्मचारी संगठनों ने इस फरमान की आलोचना करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताने की बात कही है।
श्रमायुक्त से जब इस आदेश के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ये कार्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए है। मैं पहले भी इसी तरह के निर्देश जारी कर चुका हूं। उन्होंने ये भी कहा कि किसी भी कर्मचारी ने उन्हें अभी तक इस आदेश पर कोई फीडबैक नहीं दिया है। उधर, अखिल राजस्थान कर्मचारी फेडरेशन (यूनाइटेड) के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि जीन्स और टीशर्ट कैसे अशोभनीय पोशाक हो सकती है? राज्य में इससे जुड़ा कोई सर्विस नियम नहीं है और हम इस सर्कुलर का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे।