धंबोला थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी गई। उसका लहूलुहान शव सड़क किनारे मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पत्नी ने सीमलवाड़ा उप प्रधान के पति और बेटों पर आपसी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लिखी मार्ग पर सड़क किनारे लहूलुहान शव पड़ा है। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान लिखी बड़ी गांव निवासी भूपेश सिंह के रूप में की। मृतक धंबोला थाने का हिस्ट्रीशीटर था। मौके से मृतक की बाइक भी पड़ी मिली। इसके बाद मृतक के परिजन को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए।
खून सने पत्थर मिले
पुलिस के अनुसार मृतक भूपेंद्र सिंह के शव के पास खून से सने तीन पत्थर भी मिले। आरंभिक पूछताछ और पड़ताल में भूपेंद्र की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या करने की जानकारी सामने आई है। हालांकि जांच के बाद इसकी पुष्टि की जा सकेगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे ड्रीम प्रोजेक्ट बना मौत का हाईवे, अब तक 250 से ज्यादा लोग गंवा चुके जान
रुपये के लेनदेन का विवाद
मृतक भूपेंद्र सिंह की पत्नी मीनाक्षी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि उसके पति ने सीमलवाड़ा उप प्रधान के पति जीवराम अहारी को तीन लाख रुपये उधार दिए थे। कई बार तकाजे के बाद भी जीवराम पैसे वापस नहीं लौटा रहा था। इसे लेकर दोनों में कई बार कहासुनी हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को जीवराम अहारी ने अपने बेटों के साथ लिखी मार्ग पर बाइक से जा रहे भूपेश को रोका और उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
हत्या, लूट, फायरिंग के केस
धंबोला थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि मृतक हिस्ट्रीशीटर भूपेंद्र सिंह पर धंबोला समेत पड़ोसी राज्य गुजरात में करीब 15 मुकदमे दर्ज थे। जिसमें हत्या, लूटपाट, अपहरण, डकैती, रेप के साथ ही पुलिस पर फायरिंग का केस भी है।