राजस्थान के भरतपुर में दिनदहाड़े डॉक्टर पति-पत्नी की हत्या कर दी गई। डॉ. सुदीप गुप्ता और उनकी पत्नी डॉ. सीमा गुप्ता कार से जा रहे थे, जब बाइक सवार दो युवकों ने उनपर गोलियां बरसा दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल हमलावरों के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है। बता दें कि डॉ. सीमा पर आरोप था कि दो साल पहले उन्होंने पति सुदीप की प्रेमिका की जलाकर हत्या कर दी थी।
बता दें कि दिल दहला देने वाली यह घटना भरतपुर के नींद आ गेट इलाके की है। जानकारी के अनुसार दोनों श्री राधा चौराहे की ओर जा रहे थे जब बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अभी तक हमलावरों के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही इस घटना के पीछे की वजह पता चल सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
दोनों हत्या के मामले में हुए थे गिरफ्तार
डॉ. सुदीप और डॉ.सीमा ने भरतपुर की सूर्या सिटी कॉलोनी में एक विला खरीदा था। बताते हैं कि इस विला में सुदीप अपनी कथित प्रेमिका को रखने लगा था। जानकारी के अनुसार दीपा सुदीप के क्लिनिक में रिसेप्शनिस्ट थी। वहीं, इस बारे में सुदीप ने अपनी पत्नी को बताया था कि विला एक महिला बैंक मैनेजर को किराये पर दिया है। दीपा इस विला में एक नवंबर 2019 को एक पार्लर खोलने वाली थी।
इसके निमंत्रण कार्ड में सुदीप का नाम छपा देख सीमा को शक हुआ और वह अपनी सास के साथ विला पहुंच गई थी। यहां सीमा और दीपा के बीच हाथापाई हुई। जिसके बाद सीमा ने दीपा और उसके बेटे शौर्य को कमरे में बंद कर दिया और स्प्रिट छिड़ककर आग लगा दी थी। इससे दोनों की मौत हो गई थी। उल्लेखनीय है कि मामले में डॉ. सुदीप और डॉ. सीमा को हत्या के मुकदमें में गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
भाजपा सांसद कोली के वाहन पर हमला
भरतपुर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से एक दिन पहले यहां से भाजपा सांसद रंजीता कोली के वाहन पर अज्ञात लोगों ने इंटों व सरिए से हमला किया था। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि इस घटना में सांसद कोली को कोई चोट तो नहीं आई लेकिन वह अचेत हो गईं तथा उन्हें आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार आधी रात को उस समय हुई जबकि सांसद जिले के वैर इलाके में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने जा रही थीं। धोरीसाना गांव के पास 4-5 लोग एक वाहन के साथ खड़े थे। उन्होंने सांसद के वाहन को रोकने का प्रयास किया लेकिन जब चालक ने वाहन नहीं रोका तो उन्होंने ईंटों व लोहे के सरिए से हमला किया। इस बारे में कोली के चालक की ओर से हालेना थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।