राजसमंद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नाम से व्हाट्सएप पर ठगी करने का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष की फोटो को व्हाट्सएप अकाउंट पर लगाकर लोगों से ठगी की। शातिर ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने आप को हरि सिंह राठौड़ बताते हुए रुपयों की मांग कर रहे हैं।
जब इस बात की जानकारी हुई तो जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरि सिंह राठौड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित सभी को सचेत किया। उन्होंने बताया कि उनके नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर मैसेज करके रुपये मांगे जो रहे हैं। उन्होंने सभी से सावधान रहने की अपील की।
हरि सिंह राठौड़ के नाम से व्हाट्सएप पर रुपये मांगने के मैसेज कल शाम से आ रहे थे, लेकिन तब तक किसी को पता नहीं चला। आज सुबह भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, परिचितों और उनके रिश्तेदार के पास मैसेज कर रुपये मांगे जा रहे थे जिस पर चर्चा तेज हुई। बाद में बात जिलाध्यक्ष तक पहुंची। इस पर उन्होंने सभी कार्यकर्ता व मिलने वालों को सावधान रहने के लिए कहा।
पांच लाख रुपये मांगे
इस घटना के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने केलवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और जल्द से जल्द ठगों के पकड़ कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं के पास 25 हजार से पांच लाख रुपये तक के मैसेज भेजे गए। सभी को आश्चर्य हुआ कि आखिर ऐसी क्या वजह हो गई कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष को रुपये मांगने पड़ रहे हैं। बाद में अज्ञात ठग की करतूत सामने आई।